Narendra Modi एवं Yogi Adityanath के ईंधन संरक्षण संबंधी आह्वान से प्रेरित होकर Ravindra Kumar Mandad ने शुक्रवार को एक अनूठी पहल करते हुए सरकारी वाहन के स्थान पर बाइक से कलेक्ट्रेट पहुंचकर आमजन को सकारात्मक संदेश दिया।
गाजियाबाद में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में पेट्रोल और डीजल की बढ़ती खपत को नियंत्रित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री लगातार नागरिकों से संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग और ईंधन बचत की अपील कर रहे हैं, इसलिए हर व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव अपनाने चाहिए।
डीएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील करते हुए कहा कि जहां तक संभव हो सार्वजनिक परिवहन, कार पूलिंग, साइकिल अथवा दोपहिया वाहनों का उपयोग किया जाए। इससे न केवल ईंधन की बचत होगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और यातायात दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी।
कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर अनावश्यक वाहन उपयोग कम करने, यात्रा योजनाओं के समन्वय और ईंधन बचत से जुड़े व्यवहारिक उपायों पर चर्चा की। प्रशासन की इस पहल की कर्मचारियों और अधिकारियों ने सराहना करते हुए कहा कि ऐसे उदाहरण समाज को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
महात्मा गांधी सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जिलाधिकारी ने मीडिया के माध्यम से जनपदवासियों से अपील की कि वर्तमान हालात को देखते हुए बेवजह यात्रा करने से बचें और ईंधन का कम से कम उपयोग करें।
इसके बाद जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक और अन्य अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट एवं विकास भवन परिसर का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान कैंटीन की स्वच्छता व्यवस्था की जांच की गई तथा भोजन की गुणवत्ता परखी गई। डीएम ने कैंटीन संचालकों को स्वच्छता और शुद्धता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।



