कानपुर में अखिलेश यादव का हमला: “नई सरकार बनाएं, कानपुर को फिर बनाएं इंडस्ट्रियल टाउन”
कानपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “इस सरकार ने फौज के लोगों को अपमानित किया, शंकराचार्य को अपमानित किया, किसानों को अपमानित किया। बुलडोजर चलाकर मां-बहनों को जिंदा जलाया गया, गाड़ियां पलटा दी गईं।”
सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था और सामाजिक सम्मान दोनों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि “हम आप मिलकर नई सरकार बनाएं और कानपुर, जो कभी इंडस्ट्रियल टाउन रहा है, उसे पुनः इंडस्ट्रियल टाउन बनाएं, ताकि रोजगार और नौकरी के अवसर पैदा हों।”
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर गंगा की सफाई के साथ-साथ कानपुर के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उनका कहना था कि उद्योगों के पुनर्जीवन, युवाओं को रोजगार और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए ठोस नीतियां लागू की जाएंगी।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कानपुर जैसे औद्योगिक शहर में रोजगार और विकास का मुद्दा आगामी चुनावों में अहम भूमिका निभा सकता है। अखिलेश यादव का यह बयान चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



