गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड) के अंतर्गत शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में लाभार्थी बच्चों के लिए लैपटॉप वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने योजना के तहत चयनित 11 बच्चों को लैपटॉप वितरित कर उन्हें डिजिटल शिक्षा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। साथ ही योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को पोषाहार भी वितरित किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आज के समय में डिजिटल तकनीक शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। लैपटॉप के माध्यम से विद्यार्थी ऑनलाइन अध्ययन सामग्री, ई-लर्निंग प्लेटफॉर्म, डिजिटल पुस्तकालय और विभिन्न शैक्षणिक संसाधनों तक आसानी से पहुंच बना सकेंगे।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार का उद्देश्य कोविड महामारी से प्रभावित बच्चों को केवल आर्थिक सहायता ही नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सक्षम बनाना भी है। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना ऐसे बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने और तकनीक का सकारात्मक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों को डिजिटल संसाधनों से जोड़कर उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करना और उन्हें आधुनिक शिक्षा से सशक्त बनाना है।



