गाजियाबाद, 30 जुलाई 2026: गाजियाबाद के जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनका त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान राजस्व विभाग, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए), नगर निगम, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग और निर्माण विभाग से संबंधित बड़ी संख्या में शिकायतें एवं प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और संतोषजनक समाधान किया जाए। उन्होंने कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि अन्य मामलों में ज़ूम माध्यम से संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई के दौरान मिशन समर्थ अभियान के अंतर्गत कई दिव्यांगजनों ने रोजगार और स्वरोजगार से जुड़ने के लिए आवेदन दिए। जिलाधिकारी ने जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी को निर्देशित किया कि पात्र दिव्यांगजनों को प्राथमिकता के आधार पर मिशन समर्थ से जोड़कर उन्हें स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
इसी क्रम में नंदग्राम निवासी दिव्यांग श्यामलाल ने मिशन समर्थ के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी ने जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी एवं नीव शक्ति संस्था की संस्थापक ऋचा बल्लभ को निर्देश दिए कि श्यामलाल को अभियान से जोड़ते हुए आवश्यक सहायता और लाभ उपलब्ध कराए जाएं ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। इस पहल पर श्यामलाल ने जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (भू-अर्जन), अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), सिटी मजिस्ट्रेट तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे



