बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश।
मंदिरों से घंटा चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलंदशहर पुलिस ने डिबाई पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया भारी मात्रा में पीतल का सामान, अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
मामले का खुलासा बुलंदशहर पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान किया गया। प्रेस वार्ता में एसपी देहात ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए पांचों अभियुक्त लंबे समय से मंदिरों को निशाना बना रहे थे। पुलिस को इनके खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
एसपी देहात डॉक्टर तेजवीर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे पंजीकृत हैं। आरोपी संगठित तरीके से मंदिरों से घंटा और अन्य पीतल की वस्तुएं चोरी कर उन्हें बेचने का काम करते थे।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से करीब 96 घंटे (घंटे) जिनका कुल वजन लगभग 1.25 कुंतल पीतल धातु का है, साथ ही पीतल की सिलाई जिसका वजन करीब 12 किलोग्राम है, बरामद की है। इसके अलावा एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस और तीन अदद चाकू भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, सभी अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।



