गाजियाबाद जनपद के मोदीनगर तहसील क्षेत्र में जिला प्रशासन ने अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रास्ते की सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया। यह कार्रवाई ग्राम बेगमाबाद बुदाना में उप जिलाधिकारी मोदीनगर के नेतृत्व में की गई।
प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार माननीय न्यायालय उप जिलाधिकारी न्यायिक के आदेशों के अनुपालन में सहायक पुलिस आयुक्त मोदीनगर और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई को अंजाम दिया गया। कार्रवाई के दौरान गाटा संख्या 1014, क्षेत्रफल 700.9 वर्ग मीटर पर स्थित रास्ते की भूमि पर अवैध रूप से निर्मित 14 दुकानों तथा उनके मध्य बने दरवाजों को बुलडोजर की सहायता से ध्वस्त कर दिया गया।
प्रशासन के अनुसार सर्किल रेट सूची के आधार पर कब्जामुक्त कराई गई भूमि का अनुमानित मूल्य लगभग 2 करोड़ 75 लाख 80 हजार रुपये आंका गया है। कार्रवाई के बाद भूमि को नगर पालिका परिषद मोदीनगर के संरक्षण और अभिरक्षा में सौंप दिया गया।
अधिकारियों का कहना है कि सरकारी भूमि और सार्वजनिक रास्तों पर अवैध कब्जे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। न्यायालय के आदेशों का पालन सुनिश्चित करते हुए प्रशासन आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रखेगा।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन ने बताया कि ध्वस्तीकरण की पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध कब्जों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक भूमि को कब्जामुक्त कराने से आम नागरिकों को राहत मिलेगी और रास्तों का उपयोग सुगमता से किया जा सकेगा।
मोदीनगर में प्रशासन की इस बड़ी कार्रवाई को अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।



