सिद्धार्थनगर, 04 मई 2026। मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत “हक की बात जिलाधिकारी के साथ” कार्यक्रम का भव्य आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने की। इस अवसर पर जनपद के विभिन्न हाईस्कूलों के मेधावी छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और भविष्य निर्माण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति को आत्मनिर्भर और जागरूक बनाती है, इसलिए छात्रों को अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच अपनानी चाहिए। विशेष रूप से बालिकाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
इस दौरान छात्र-छात्राओं ने शिक्षा, करियर, प्रतियोगी परीक्षाओं, साइबर सुरक्षा और महिला सुरक्षा से जुड़े प्रश्न जिलाधिकारी से पूछे, जिनका उन्होंने सरल और प्रेरणादायक उत्तर दिया। कार्यक्रम में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली 10-10 छात्राओं को सम्मानित किया गया। इसके अलावा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की 39 छात्राओं को भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया।
साथ ही हाईस्कूल उत्तीर्ण 6 छात्राओं और उनके अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेष कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी, छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: अर्जुन कुमार अग्रहरी, PHM न्यूज़ सिद्धार्थनगर



