रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष Akhilesh Yadav ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि हालात ऐसे बन गए हैं कि लोग अब LPG की नई परिभाषा “लापता गैस” देने लगे हैं।
अखिलेश यादव ने अपने बयान में कहा,
“LPG की इधर लोगों ने नई परिभाषा दे दी है—लापता गैस। अब लोग लकड़ी और कंडे ढूंढ रहे हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गैस की उपलब्धता को लेकर सही जानकारी नहीं दे रही है। सपा प्रमुख ने कहा कि अगर वास्तव में गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है, तो फिर लोग घंटों लाइन में क्यों खड़े हैं और उन्हें सिलेंडर मिलने में इतनी परेशानी क्यों हो रही है।
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधते हुए कहा,
“सबसे ज्यादा अफवाह कोई फैलाता है तो मुख्यमंत्री हैं। अगर गैस है तो दीजिए आप, अगर स्टॉक भरा पड़ा है तो लोग लाइन में क्यों लगे हैं?”
उन्होंने कहा कि रसोई गैस आम जनता की बुनियादी जरूरत है और इसकी कमी से गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ता है। सपा प्रमुख ने सरकार से मांग की कि गैस आपूर्ति को तुरंत सामान्य किया जाए और लोगों को राहत दी जाए।
वहीं प्रशासन की ओर से पहले भी यह कहा जा चुका है कि पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य है और अफवाहों से बचने की अपील की गई है। लेकिन इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और विपक्ष लगातार सरकार को घेरने में लगा हुआ है।



