Ghaziabad के नंदग्राम क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति, सास और देवर पर करोड़ों रुपये की संपत्ति हड़पने, मानसिक प्रताड़ना और धोखाधड़ी के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला के अनुसार, उसका विवाह वर्ष 2014 में बुलंदशहर निवासी आजाद के साथ हुआ था। विवाह के बाद दोनों ने मिलकर चिरंजीव विहार में एक मकान खरीदा और व्यापार को आगे बढ़ाया।
महिला का आरोप है कि उसने दिन-रात मेहनत कर पति का व्यापार खड़ा किया, लेकिन कुछ समय बाद पति के अवैध संबंधों का खुलासा हुआ। जब उसने इसका विरोध किया, तो पति, सास और देवर ने मिलकर उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
पीड़िता ने दावा किया कि उसकी बीमारी और डिप्रेशन का फायदा उठाते हुए उसे नशीली दवाएं दी गईं, जिससे उसका मानसिक संतुलन बिगड़ गया। इसी दौरान आरोपियों ने धोखे से उससे कई कागजों पर हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान ले लिए और कुछ दस्तावेजों पर फर्जी हस्ताक्षर कर करोड़ों की संपत्ति अपने नाम करा ली।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसका स्त्रीधन, जिसमें गहने और बैंक खातों की जमा राशि शामिल थी, भी हड़प ली गई। बाद में उसे साजिश के तहत घर से निकालकर मायके भेज दिया गया और पति ने तलाक का मामला भी दायर कर दिया।
पीड़िता ने प्रशासन से न्याय की मांग करते हुए कहा है कि उसकी मेहनत की कमाई और संपत्ति वापस दिलाई जाए। मामले की शिकायत नंदग्राम थाने में दर्ज कराई गई है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी पक्ष की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



