गाजियाबाद। जनपद में बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 26 मार्च 2026 को जिला सेवायोजन कार्यालय एवं एचएलएम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, गाजियाबाद के संयुक्त तत्वावधान में एक वृहद रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सुबह 10 बजे एचएलएम संस्थान परिसर में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि चेयरमैन श्री सुनील मिगलानी एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. अनुज अग्रवाल द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि बदलते समय में पारंपरिक नौकरियों के साथ-साथ नए क्षेत्रों में भी तेजी से अवसर बढ़ रहे हैं, इसलिए युवाओं को अपने कौशल को अपडेट रखना आवश्यक है।
जिला सेवायोजन अधिकारी श्रीमती दिव्या त्रिपाठी ने बताया कि उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत देश-विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियों में युवाओं को करियर आधारित रोजगार दिलाना विभाग की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से रोजगार मेलों का आयोजन लगातार किया जा रहा है।
रोजगार मेले में आईटीसी, हमदर्द, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, डॉ. रेड्डी, शाही एक्सपोर्ट सहित कुल 65 कंपनियों ने भाग लिया। लगभग 1800 अभ्यर्थियों ने इंटरव्यू और लिखित परीक्षा में हिस्सा लिया, जिनमें से 960 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट/चयनित किया गया। कंपनियों द्वारा 12,000 रुपये मासिक से लेकर 5 लाख रुपये वार्षिक तक के पैकेज ऑफर किए गए।
कार्यक्रम का सफल संचालन एचएलएम संस्थान के अधिकारियों द्वारा किया गया और रोजगार मेले का आयोजन सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।



