गाजियाबाद, 21 जुलाई 2026। भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में दिल्ली स्थित किसान घाट जाने के लिए निकले भारतीय किसान यूनियन (सुनील) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मंगलवार को गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस ने रोक लिया। संगठन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर थाना लिंक रोड, गाजियाबाद में रखा।
संगठन ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार प्रत्येक नागरिक को संविधान द्वारा प्राप्त है। संगठन का आरोप है कि किसानों को दिल्ली जाने से रोकना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है और किसानों की आवाज़ को दबाने का प्रयास है।
भारतीय किसान यूनियन (सुनील) ने स्पष्ट किया कि वह भारत-अमेरिका ट्रेड डील का विरोध कर रही है। संगठन का कहना है कि यदि किसी भी समझौते से किसानों के हित प्रभावित होते हैं तो उसका विरोध लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा। संगठन ने कहा कि किसानों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, हिरासत में लिए गए प्रमुख पदाधिकारियों में प्रदेश उपाध्यक्ष अखिलेश सारस्वत, जिलाध्यक्ष अंकित खारी, युवा जिलाध्यक्ष करण सिंह, जिला उपाध्यक्ष तरुण शर्मा, जिला उपाध्यक्ष रोहित कुमार, जिला सचिव कुलदीप सिंह सहित कई अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।
संगठन ने प्रदेश भर के किसानों और समर्थकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में किसान आंदोलन से जुड़ें और किसानों के मुद्दों को मजबूती से उठाएं। हालांकि पुलिस प्रशासन की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया समाचार लिखे जाने तक सामने नहीं आई थी।



