गोरखपुर के गोरखनाथ थाना क्षेत्र स्थित आनंदलोक अस्पताल में पथरी के ऑपरेशन के बाद एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना के बाद जहां परिजनों में भारी आक्रोश है, वहीं अस्पताल प्रबंधन ने अपने ऊपर लगे आरोपों से साफ इनकार किया है।
जानकारी के अनुसार, पीपीगंज थाना क्षेत्र के आजाद नगर भगवानपुर निवासी 27 वर्षीय अभिषेक मद्धेशिया 31 मार्च को पथरी का ऑपरेशन कराने के लिए खुद ही दोपहिया वाहन से अस्पताल पहुंचे थे। परिजनों का कहना है कि उस समय उनकी हालत सामान्य थी और कोई गंभीर समस्या नहीं थी।
लेकिन ऑपरेशन के बाद 1 अप्रैल को अचानक उनकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मौके पर पहुंचकर हस्तक्षेप करना पड़ा।
मामले में एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मृतक के पिता डॉक्टरों पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे लापरवाही नहीं बल्कि साजिश बताते नजर आ रहे हैं। उन्होंने संबंधित डॉक्टरों और मेडिकल टीम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
वहीं, अस्पताल के संचालक डॉ. आनंद अग्रवाल ने प्रेस वार्ता में कहा कि ऑपरेशन के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही नहीं हुई। उन्होंने पट्टी छोड़ने के आरोपों को भी खारिज किया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



