राजस्थान के डीग क्षेत्र में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए और बाबा साहेब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम में यूथ कांग्रेस डीग ब्लॉक अध्यक्ष प्रत्याशी खेमराज पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को एक मजबूत संविधान दिया, जो आज भी लोकतंत्र की नींव है। उन्होंने समाज में समानता, न्याय और अधिकारों की जो लड़ाई लड़ी, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है।
इस मौके पर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (व्यापार एवं उद्योग) के जिलाध्यक्ष मोहित रजाना जी, यूथ कांग्रेस डीग जिलाध्यक्ष प्रत्याशी विपिन रजाना जी और कुलदीप गुर्जर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर बाबा साहेब के योगदान को याद किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने सामाजिक एकता और भाईचारे को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के विचार आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं और हमें उनके सिद्धांतों को अपनाकर एक बेहतर भारत का निर्माण करना चाहिए।



