भरतपुर में आयोजित राज्य स्तरीय मल्टीमीडिया प्रदर्शनी के समापन समारोह में एक अनोखा और आकर्षक दृश्य देखने को मिला, जब जिला कलेक्टर कमर चौधरी का क्रिकेट प्रेम मंच पर झलक उठा। केंद्रीय संचार ब्यूरो जयपुर और सवाईमाधोपुर द्वारा वंदे मातरम् के 150 वर्ष एवं संविधान के 75 वर्ष की थीम पर आयोजित इस प्रदर्शनी के अंतिम दिन कलेक्टर ने वर्चुअल क्रिकेट खेलकर वहां मौजूद सभी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
समापन कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर कमर चौधरी ने वर्चुअल बैट उठाकर चौके और छक्के जमाए। उनके क्रिकेट खेलने के अंदाज को उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा। इस मौके पर भरतपुर संभागीय आयुक्त टीना सोनी भी मौजूद रहीं, जिन्होंने कलेक्टर की इस ऊर्जा और उत्साह की प्रशंसा की।
प्रदर्शनी का उद्देश्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन–जन तक सरल और डिजिटल माध्यम से पहुंचाना था। मल्टीमीडिया, डिजिटल डिस्प्ले और इंटरएक्टिव गतिविधियों के माध्यम से लोगों को विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। जिला प्रशासन और केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस प्रदर्शनी को आम जनता से अच्छा प्रतिसाद मिला।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने कहा कि मोबाइल गेमिंग और डिजिटल एक्टिविटीज़ आज की पीढ़ी के लिए एक प्रभावी माध्यम बन चुके हैं, जिनके माध्यम से सामाजिक संदेश और सरकारी योजनाओं की जानकारी आसानी से पहुंचाई जा सकती है। उन्होंने उपस्थित नागरिकों और छात्रों को भी प्रेरित किया कि वे सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं और अधिक से अधिक जागरूक बनें।
समापन के साथ ही कार्यक्रम एक उत्साहपूर्ण माहौल में समाप्त हुआ, जिसमें प्रशासन की ओर से सहभागिता और जनसंपर्क का एक नया रूप देखने को मिला।



