सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति फेज-5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत सोमवार को जनपद सिद्धार्थनगर के थाना कपिलवस्तु क्षेत्र स्थित ग्राम गवारिया के फैजल उलूम स्कूल में बहू-बेटी सम्मेलन एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं और महिलाओं को उनकी सुरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना था।
यह कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देशन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में थाना कपिलवस्तु पुलिस टीम ने छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस सहायता 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, एम्बुलेंस सेवा 108, अग्निशमन सेवा 101, एल्डर हेल्पलाइन 14567 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन फ्रॉड, साइबर ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा न करने और डिजिटल सुरक्षा के महत्वपूर्ण उपाय भी बताए गए। पुलिस टीम ने छात्राओं से कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या साइबर अपराध की स्थिति में बिना घबराए तुरंत पुलिस और साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करें।
इस दौरान थाना कपिलवस्तु के प्रभारी निरीक्षक विनय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा उन्हें कानून और सुरक्षा संबंधी अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है।



