मौदहा के हैदरगंज में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, न्यायालय के आदेश पर ग्राम समाज की भूमि कराई गई कब्जामुक्त
मौदहा। सरकारी और ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में मौदहा नगर के हैदरगंज इलाके में सोमवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम समाज की भूमि से कथित अवैध अतिक्रमण हटवा दिया। कार्रवाई के दौरान बुल्डोजर से निर्माण को ध्वस्त कर भूमि को कब्जामुक्त कराया गया।
जानकारी के अनुसार, रहमानिया कॉलेज के पीछे स्थित ग्राम समाज की भूमि पर अतिक्रमण का मामला सामने आया था। प्रशासन के मुताबिक, हैदरगंज निवासी रशीदन पत्नी सहाबुद्दीन द्वारा उक्त भूमि पर अवैध कब्जा किया गया था। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में प्रभारी तहसीलदार महेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और नियमानुसार कार्रवाई की।
बुल्डोजर कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। मौके पर कानूनगो सुरेश प्रजापति, लेखपाल अवनीश कुमार और मनीष कुमार सहित राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
उपजिलाधिकारी करणवीर सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश का पूर्ण पालन करते हुए कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी अथवा ग्राम समाज की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में भी सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के मामलों में सख्त और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अतिक्रमण करने वालों के बीच हलचल देखी जा रही है।



