उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद के शोहरतगढ़ क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, बोरा ऑटोमोबाइल्स के पास 112 डायल पर तैनात सिपाही उपेंद्र यादव द्वारा PHM के एक रिपोर्टर के साथ अभद्रता की गई।
आरोप है कि सिपाही ने रिपोर्टर के साथ न केवल गाली-गलौज की, बल्कि मां-बहन की अपशब्दों का इस्तेमाल किया और जूता निकालकर मारने की धमकी भी दी। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि “पब्लिक वीडियो बना रही है, जाकर मना करो कि वीडियो ना बनाए।”
इस घटना से मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया और पुलिस की छवि पर भी सवाल उठने लगे। पीड़ित रिपोर्टर द्वारा इस मामले की शिकायत क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ से की गई, साथ ही पुलिस अधीक्षक (SP) सिद्धार्थनगर को भी अवगत कराया गया।
हालांकि, शिकायत के बावजूद अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। स्थानीय नागरिकों और मीडिया कर्मियों का कहना है कि अगर पुलिस ही इस तरह का व्यवहार करेगी, तो आम जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी।
इस पूरे मामले में निष्पक्ष जांच और दोषी सिपाही के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।



