गाजियाबाद में जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार माँदड़ ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान राजस्व विभाग, जीडीए, नगर निगम, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग और निर्माण विभाग से जुड़ी कई शिकायतें सामने आईं।
जनसुनवाई के दौरान एक मामला विजय कुमार का भी सामने आया, जिन्होंने बताया कि उन्होंने 20 जनवरी को पेंशन के लिए आवेदन किया था, लेकिन अब तक उन्हें पेंशन का लाभ नहीं मिल पाया है। विजय कुमार ने जिलाधिकारी से अपील करते हुए जल्द समाधान की मांग की।
जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ मिलने में देरी नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार जनता दर्शन की लाइव मॉनिटरिंग सीएम ऑफिस से की जा रही है, जिससे शिकायतों के समाधान में पारदर्शिता और तेजी लाई जा सके।
डीएम ने जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे सभी कार्य दिवसों में सुबह 10 से 12 बजे तक जन शिकायतें सुनें और ज़ूम के माध्यम से लाइव रहकर समस्याओं का समाधान करें।
जनता दर्शन के दौरान कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इस दौरान एडीएम (एल/ए) अवनीश सिंह, एडीएम (जे) अंजुम बी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



