KM Residency में बिल्डर का अत्याचार, चार साल से मूलभूत सुविधाओं के बिना रहने को मजबूर सैकड़ों परिवार
गाजियाबाद | राजनगर एक्सटेंशन
राजनगर एक्सटेंशन स्थित KM Residency में रहने वाले सैकड़ों परिवार बीते चार वर्षों से बिल्डर की मनमानी और उपेक्षा का दंश झेल रहे हैं। अत्याधुनिक सुविधाओं और सुरक्षित आवास का सपना दिखाकर बिल्डर ने फ्लैट खरीदने के नाम पर लाखों रुपये वसूले, लेकिन आज स्थिति यह है कि सोसायटी में न तो सुरक्षा गार्ड तैनात हैं और न ही बुनियादी सुविधाओं का कोई प्रबंध।
निवासियों का आरोप है कि सोसायटी में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है, जिससे चोरी और असामाजिक तत्वों का डर बना रहता है। लिफ्ट, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई, फायर सेफ्टी और सीसीटीवी जैसी मूलभूत सुविधाएं या तो अधूरी हैं या पूरी तरह नदारद। बिल्डर से कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई।
पीड़ित निवासियों ने बताया कि वे जिला अधिकारी, GDA और सिटी मजिस्ट्रेट के कार्यालयों के लगातार चक्कर काटते रहे, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। कार्रवाई के नाम पर अब तक कुछ भी ठोस कदम नहीं उठाया गया।
बिल्डर की दबंगई से परेशान होकर अंततः सोसायटी के लोगों का सब्र टूट गया। मजबूरन सैकड़ों निवासियों ने नंदग्राम थाने पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नाराज़गी जताई। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।
निवासियों ने उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले में हस्तक्षेप कर दोषी बिल्डर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते प्रशासन ने कदम नहीं उठाया तो किसी बड़ी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
अब देखना यह होगा कि शासन-प्रशासन इस गंभीर मामले में कब तक संज्ञान लेता है और KM Residency के पीड़ित परिवारों को न्याय मिलता है या नहीं।



