भरतपुर जिले के नदबई क्षेत्र में हुए चर्चित बैलारा गांव फायरिंग कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लगभग तीन महीने से फरार चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी सतवीर सिंह उर्फ पटेल उर्फ वीर फौजदार निवासी नगला मोती, कुम्हेर को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार सतवीर घटना के समय हथियारबंद होकर मौके पर मौजूद था और वारदात में सक्रिय रूप से शामिल था।
इस मामले में पुलिस अब तक कुल 11 आरोपियों—10 बालिग और 1 नाबालिग—को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि बाकी फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। सतवीर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए उसे कड़ी सुरक्षा के बीच नदबई के मुख्य बाजार में पैदल जुलूस के रूप में घुमाया। यह जुलूस देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग बाजार में इकट्ठा हो गए और पुलिस कार्रवाई की सराहना की।
गौरतलब है कि 20 अगस्त को एक दर्जन से अधिक बदमाश बाइक पर सवार होकर बैलारा निवासी संजू के घर पहुंचे थे। आरोप है कि बदमाशों ने घर में घुसकर उसके पिता सरमन सिंह (50) और मां पिस्ता देवी (45) पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
घटना के बाद संजू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और लगातार फरार आरोपियों की तलाश जारी रखी। सतवीर सिंह की गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी उपलब्धि मान रही है, क्योंकि वह लंबे समय से गिरफ्तारी से बचता हुआ फरार चल रहा था।
पुलिस का कहना है कि मामले में बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी और फायरिंग कांड की पूरी साजिश का खुलासा किया जाएगा।



