शातिर_चोर_गिरफ्तार : भरतपुर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की दो अलग-अलग वारदातों का खुलासा करते हुए दो फरार शातिर चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों से चोरी किए गए सोने–चांदी के जेवरात, नकदी और कुल सात विद्युत मोटरें बरामद की हैं।
पहली चोरी की वारदात 6 सितंबर की रात को घटी थी। बापू नगर निवासी ताराचंद घर को बंद कर रात 10 बजे से 2 बजे तक गणेश विसर्जन में शामिल होने गए थे। उनकी गैरमौजूदगी में चोरों ने घर के पीछे से गेट का ताला तोड़कर कमरे में रखी नकदी और सोने–चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। इस मामले में पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और स्थानीय सूत्रों की जानकारी के आधार पर आरोपी मोहित उर्फ रोहित उर्फ कल्ला, निवासी हरीजन बस्ती, कुम्हेर गेट को गिरफ्तार किया है।
दूसरी वारदात 13 अक्टूबर की रात हुई, जब सुभाष नगर स्थित बनवारी पुत्र रामभरोसी की मोटर रिपेयरिंग दुकान में अज्ञात चोरों ने सेंध लगाकर बिजली की सात मोटरें चुरा ली थीं। इस मामले में पुलिस ने गहन जांच करते हुए आरोपी रामू, निवासी हरीजन बस्ती, कुम्हेर गेट को पकड़ा है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों से चोरी की गई संपत्ति बरामद कर ली है, जिसमें सोने–चांदी के जेवरात, नकदी और सभी 7 विद्युत मोटरें शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी पेशेवर चोर हैं और इनसे अन्य वारदातों के खुलासे की भी संभावना है।
कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई की शहरवासियों ने सराहना की है, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिली है।



