राजस्थान सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 22 आरएएस अधिकारियों के स्थानांतरण और पदस्थापन आदेश जारी किए हैं। भरतपुर जिले के उच्चैन क्षेत्र में पदस्थापित उपखंड अधिकारी (SDM) धारा का भी इस सूची में तबादला किया गया है। धारा को अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ में सहायक कलक्टर पद पर भेजा गया है। वहीं उनकी जगह सुरेश कुमार हरसोलिया को उच्चैन का नया उपखंड अधिकारी नियुक्त किया गया है।
इसके साथ ही राजस्थान प्रशासनिक सेवा में कार्यरत तहसीलदार सेवा से पदोन्नत शिवन्या गुप्ता को भरतपुर विकास प्राधिकरण (BDA) के उपायुक्त पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनका यह पदभार भरतपुर जिले की शहरी विकास योजनाओं और प्राधिकरण के कार्यों के लिए अहम माना जा रहा है।
गौरतलब है कि हाल ही में उच्चैन SDM धारा को हटाने की मांग जोर पकड़ रही थी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रभारी मंत्री सुरेश रावत के भरतपुर दौरे के दौरान SDM धारा के विरुद्ध विरोध प्रदर्शन करते हुए उनका घेराव किया था। ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं का आरोप था कि रात्रि चौपाल के दौरान SDM धारा ने लोगों की शिकायतें सुनने के बजाय उनके साथ अनुचित व्यवहार किया था।
इसी विवाद के बाद SDM धारा ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर एससी/एसटी एक्ट और राजकार्य में बाधा डालने के आरोप में मुकदमे भी दर्ज कराए थे। घटना का यह पूरा मामला काफी चर्चा में रहा और अब राज्य सरकार द्वारा जारी तबादला सूची में धारा का स्थानांतरण भी शामिल है।
प्रशासनिक हलकों में इस फेरबदल को क्षेत्रीय संतुलन और घटनाओं के मद्देनज़र एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



