नोएडा और गौतमबुद्धनगर में श्रमिकों का आंदोलन अब उग्र रूप ले चुका है। वेतनवृद्धि और अन्य मांगों को लेकर पिछले एक सप्ताह से चल रहा विरोध-प्रदर्शन अब हिंसक हो गया है। शहर के कई औद्योगिक क्षेत्रों में हालात बेकाबू नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, कपड़ा ट्रेडर्स के कर्मचारियों की हड़ताल से शुरू हुआ यह विवाद अब कई फैक्ट्रियों और कंपनियों तक फैल गया है। सेक्टर 62 से लेकर सेक्टर 82 तक बड़ी संख्या में श्रमिक सड़कों पर उतर आए हैं और उग्र प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान कई जगहों पर आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई हैं। सेक्टर 82, 84, 63 और 15 में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वाहनों को आग के हवाले कर दिया। शहर के कई हिस्सों में भारी जाम की स्थिति बनी हुई है, जिससे आम जनता को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। वहीं, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। DGP स्तर से पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मामले का संज्ञान लिया है और अधिकारियों को हालात पर काबू पाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन लगातार स्थिति को सामान्य करने की कोशिश कर रहा है।



