गाज़ियाबाद में 15 अप्रैल 2026 को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भव्य स्कूटी रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का शुभारंभ दुर्गा भाभी चौक, नवयुग मार्केट से उत्तर प्रदेश महिला आयोग की सदस्य डॉ. हिमानी अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली रानी लक्ष्मी बाई मूर्ति, जीटी रोड तक निकाली गई, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, सिविल डिफेंस और विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
डॉ. हिमानी अग्रवाल ने बताया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को सशक्त बनाने और राजनीति में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अधिनियम के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 33% सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं।
इस कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर, समाज कल्याण अधिकारी संदीप कुमार, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी पियूष राय सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। इस रैली में लगभग 600 से अधिक स्कूटियों ने भाग लिया।
इसके अतिरिक्त मुरादनगर में भी काइट कॉलेज से रैपिड रेल स्टेशन तक स्कूटी रैली निकाली गई, जिसका शुभारंभ विधायक अजीत पाल त्यागी ने किया। इस रैली में स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज और बाल विकास विभाग की महिलाओं ने भाग लिया। यहां लगभग 500 से अधिक स्कूटियों ने हिस्सा लिया।
इस आयोजन ने महिलाओं के अधिकारों और राजनीतिक भागीदारी को लेकर समाज में एक मजबूत संदेश दिया।



