गाजियाबाद: जनपद में आयोजित होने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा-2026 को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ एवं एडिशनल पुलिस कमिश्नर केशव कुमार चौधरी ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने सेठ मुकंद लाल इंटर कॉलेज और एमबी गर्ल्स इंटर कॉलेज का दौरा कर पेयजल, स्वच्छता, वेंटिलेशन और अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनपद के कुल 20 परीक्षा केंद्रों पर 25, 26 और 27 अप्रैल को परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें लगभग 46,000 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रशासन ने केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती कर जिम्मेदारियां स्पष्ट कर दी हैं।
जिलाधिकारी ने साफ निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी तरह नकलविहीन और पारदर्शी होनी चाहिए। सभी केंद्रों पर CCTV कैमरे लगाए गए हैं तथा कंट्रोल रूम और स्ट्रांग रूम स्थापित किए गए हैं। किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
वहीं, एड.सीपी ने बताया कि पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के तहत पूर्वाभ्यास किया जा चुका है। सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और ट्रैफिक व्यवस्था को भी सुचारु रखा जाएगा। सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जा रही है ताकि कोई अफवाह या अव्यवस्था न फैले।
इसके साथ ही, भारत की जनगणना 2027 के तहत प्रशिक्षण कार्यक्रम भी चल रहा है। प्रशासन ने इसे राष्ट्रीय महत्व का कार्य बताते हुए सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए हैं।



