अलीगढ़। लोधा ब्लॉक के गांव ताजपुर रसूलपुर में उस समय खुशी और गर्व का माहौल देखने को मिला, जब गांव के होनहार युवक आकाश कुमार का चयन आर्मी इंजीनियरिंग में हुआ। इस उपलब्धि की खबर मिलते ही पूरे गांव में उत्साह की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने फूल-मालाएं पहनाकर और मिठाई बांटकर आकाश कुमार का भव्य स्वागत किया।
आकाश कुमार की इस सफलता पर गांव के बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने गर्व व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय बाद गांव के किसी युवक का इस तरह प्रतिष्ठित सरकारी सेवा में चयन हुआ है, जिससे पूरे क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है। लोगों ने इसे गांव के लिए गौरव का क्षण बताया।
स्वागत समारोह के दौरान ग्रामीणों ने आकाश कुमार की मेहनत, लगन और संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने कहा कि यदि युवा पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ें तो सफलता अवश्य मिलती है।
इस अवसर पर गांव के सम्मानित लोगों ने आकाश कुमार को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में सत्यपाल प्रधान, शुभम सिंह, चंद्रप्रकाश, निशांत कुमार, नरेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने कहा कि आकाश कुमार की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उनकी सफलता से आने वाली पीढ़ियों को भी देश सेवा और सरकारी सेवाओं में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।



