अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में ‘गौ सम्मान आवाहन अभियान’ के तहत एक बड़ा जनआंदोलन देखने को मिला। तहसील कोल में हजारों की संख्या में जुटे गौ सेवकों ने एसडीएम महिमा सिंह को चार महत्वपूर्ण ज्ञापन पत्र सौंपे।
इन ज्ञापनों में देश के प्रमुख नेताओं—नरेंद्र मोदी, द्रौपदी मुर्मू, आनंदी बेन पटेल और योगी आदित्यनाथ—को संबोधित मांगें शामिल हैं।
अभियान का मुख्य उद्देश्य गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा दिलाना और उनके संरक्षण व सम्मान के लिए सख्त कानून लागू कराना है। इस ज्ञापन के साथ 26,560 अलीगढ़ वासियों के हस्ताक्षर भी संलग्न किए गए, जो इस मुद्दे पर जनता के व्यापक समर्थन को दर्शाते हैं।
गौ सेवकों ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता का विशेष स्थान है और उनके संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाना समय की मांग है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि इन मांगों को गंभीरता से उच्च स्तर तक पहुंचाया जाए।
एसडीएम महिमा सिंह ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया कि इसे संबंधित अधिकारियों तक शीघ्र पहुंचाया जाएगा।
यह अभियान न केवल अलीगढ़ बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश में चर्चा का विषय बनता जा रहा है और आने वाले समय में इसके और व्यापक होने की संभावना है।



