गाज़ियाबाद में आज राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव का प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जब शहीद पथ, नवयुग मार्केट से भव्य “एकता यात्रा” का आयोजन किया गया। यह यात्रा लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती एवं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित “रन फॉर यूनिटी मार्च” का अहम हिस्सा रही। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य राष्ट्र की अखंडता, एकता और भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाना था।

कार्यक्रम में कई प्रमुख नेता मौजूद रहे, जिनकी उपस्थिति ने आयोजन को और अधिक गौरवपूर्ण बना दिया. मुख्य अतिथि के रूप में शहर विधायक संजीव शर्मा, उत्तर प्रदेश राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र कश्यप, सांसद अतुल गर्ग, महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, पूर्व मेयर आशु वर्मा, पूर्व मेयर आशा शर्मा, और वर्तमान मेयर सुनिता दयाल ने यात्रा का नेतृत्व किया. सभी ने लौह पुरुष सरदार पटेल की आदर्शवादी सोच और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया.
यात्रा में सामाजिक सद्भाव का सुंदर मेल देखने को मिला। शहर के सभी वार्डों के पार्षद, भाजपा कार्यकर्ता, विभिन्न स्कूलों के बच्चे और भारी संख्या में नागरिक इसमें शामिल हुए। पुरुष प्रतिभागियों ने सफेद कुर्ता और सफेद टी-शर्ट पहनकर एकता का प्रतीक प्रस्तुत किया, वहीं महिलाओं ने भगवा साड़ी और तिरंगा दुपट्टा पहनकर सरदार पटेल को श्रद्धांजलि दी। बच्चों में देशभक्ति का उत्साह काबिले तारीफ रहा।
यात्रा नवयुग मार्केट से शुरू होकर विजयनगर के स्वदेशी चौक पर संपन्न हुई. पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने “एक भारत–श्रेष्ठ भारत”, “लौह पुरुष सरदार पटेल अमर रहें”, और “एकता में शक्ति” जैसे नारों के माध्यम से भाईचारे का संदेश दिया. आम नागरिकों ने भी पूरे उत्साह के साथ यात्रा का स्वागत किया और इसे ऐतिहासिक बताया.
अंत में जनप्रतिनिधियों ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दूरदर्शिता और दृढ़ नेतृत्व से देश को एक सूत्र में पिरोया। उनकी जयंती पर आयोजित यह एकता यात्रा समाज में सकारात्मक ऊर्जा और राष्ट्रीय एकजुटता का प्रतीक है।



