चांदमारी में करंट से 5 गौवंश की मौत, 11 हजार वोल्ट की जर्जर लाइन बनी ‘काल’
गाजियाबाद के चांदमारी मोहल्ले में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। खुले मैदान में घूम रहे 2 नंदी और 3 नंदिनी की 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से करंट लगने के कारण मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और आक्रोश का माहौल बन गया
स्थानीय लोगों के अनुसार, मैदान के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन लंबे समय से जर्जर हालत में थी और तार झूल रहे थे। कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग द्वारा न तो लाइन बदली गई और न ही स्थायी समाधान किया गया। बुधवार सुबह अचानक तार टूटकर नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में आने से पांचों गौवंश की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने विद्युत विभाग के जेई, एसडीओ और एक्सईएन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जर्जर तारों को बदला गया होता तो यह हादसा टल सकता था। इससे पहले भी तारों से चिंगारी निकलने और लाइन झूलने की शिकायतें की गई थीं।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मृत पशुओं को हटवाया गया। क्षेत्र के लोगों ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और हाईटेंशन लाइन को तत्काल बदलने की मांग की है। प्रशासन ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।



