Ghaziabad: शहर में आज यूजीसी से जुड़े मुद्दों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान दूधेश्वर नाथ मठ के पूज्य महंत से मुलाकात कर हालिया यूजीसी नियमों, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और परंपरागत मूल्यों पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत ने संगठन का पक्ष रखते हुए कहा कि शिक्षा प्रणाली में समानता, पारदर्शिता और समाज के सभी वर्गों के अधिकारों की रक्षा आवश्यक है। उन्होंने बताया कि संगठन संवैधानिक और लोकतांत्रिक दायरे में रहकर अपनी मांगों को आगे बढ़ा रहा है
बैठक में सवर्ण समाज के अधिकारों और सनातन परंपराओं से जुड़े विषयों पर गंभीर विचार-विमर्श हुआ। महंत जी ने विषय की संवेदनशीलता को स्वीकार करते हुए करणी सेना के प्रयासों को समर्थन देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि धर्म और समाजहित के प्रश्नों पर संत समाज हमेशा सजग रहा है और आगे भी अपनी भूमिका निभाता रहेगा।
बैठक के उपरांत डॉ. राज शेखावत के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने गाजियाबाद जिला प्रशासन कार्यालय पहुंचकर औपचारिक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में यूजीसी नियमों की समीक्षा, पारदर्शी संवाद और सभी वर्गों के अधिकारों की रक्षा की मांग की गई है।
करणी सेना ने स्पष्ट किया कि उनका अभियान शांतिपूर्ण जनजागरण के माध्यम से जारी रहेगा और शिक्षा तथा समाजहित के मुद्दों को संवैधानिक ढंग से उठाया जाता रहेगा।



