हरिद्वार की पावन धरती से एक बड़ी धार्मिक और सामाजिक खबर सामने आई है, जहां आदिशक्ति गौ रक्षा अखाड़ा द्वारा स्वामी श्री वेदाचार्य जी महाराज को श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर पद से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भारी संख्या में संत, श्रद्धालु और गौ भक्त उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पूरे वातावरण में “गौ माता राष्ट्र माता”, “भारत माता की जय” और “सनातन धर्म की जय” के नारों से गूंज उठी। मंच से वक्ताओं ने स्वामी जी के समर्पण, सेवा और सनातन धर्म के प्रति उनके योगदान को सराहा।
स्वामी वेदाचार्य जी ने इस मौके पर एक ऐतिहासिक और भावुक घोषणा करते हुए कहा कि उन्होंने बाबा मोहन राम, खाटू श्याम और बांके बिहारी की सौगंध लेकर गौ माता की रक्षा का संकल्प लिया है। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक गौ माता को राष्ट्र माता घोषित नहीं किया जाएगा, तब तक वे अन्न ग्रहण नहीं करेंगे।
उन्होंने समाज को एकजुट होने का आह्वान करते हुए कहा कि गौ रक्षा, मातृशक्ति की सुरक्षा और सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए हर व्यक्ति को आगे आना होगा। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उनके इस संकल्प का जोरदार समर्थन किया।
यह घटना न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है बल्कि सामाजिक और राजनीतिक हलकों में भी चर्चा का विषय बन गई है। स्वामी जी की यह प्रतिज्ञा आने वाले समय में एक बड़े आंदोलन का रूप ले सकती है।



