भरतपुर शहर के सर्कुलर रोड क्षेत्र में रात के समय 112 गाड़ी द्वारा वाहन चालकों से कथित अवैध वसूली किए जाने का मामला सामने आने के बाद शहर में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो में कथित तौर पर 112 गाड़ी के पुलिसकर्मी आगरा से भरतपुर सब्जी मंडी में आने वाले वाहनों से ‘एंट्री फीस’ के नाम पर वसूली करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, फिर भी जनता में आक्रोश साफ नजर आ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब 112 गाड़ी पर ऐसी शिकायतें सामने आई हैं। पूर्व में भी अवैध वसूली के कई आरोप लगे, लेकिन उच्च अधिकारियों द्वारा ठोस कार्यवाही न होने से पुलिसकर्मियों के हौसले बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब शहर को सीएम सिटी का दर्जा प्राप्त है, तो ऐसी गतिविधियां पुलिस की छवि को खराब क्यों कर रही हैं?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात सर्कुलर रोड पर तैनात पुलिसकर्मी खुलेआम सब्ज़ी वाहनों से पैसे लेते दिखे। सब्जी मंडी में प्रतिदिन आने वाले किसान और व्यापारी बताते हैं कि यह अवैध वसूली लंबे समय से चल रही है, लेकिन डर और कार्रवाई की उम्मीद नहीं होने के कारण लोग शिकायत दर्ज नहीं कराते।
वहीं, आमजन अब उम्मीद लगाए बैठे हैं कि वायरल वीडियो के बाद आईजी और एसपी स्तर पर सख्त कार्यवाही होगी। शहरवासियों ने मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच हो तथा दोषी पुलिसकर्मियों पर तुरंत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।



