गाजियाबाद की विधानसभा 56 के अंतर्गत आने वाले वार्ड नंबर 58 में बदहाल व्यवस्थाओं और ठेकेदार की लापरवाही से स्थानीय लोगों का जीवन मुश्किलों में घिर गया है। क्षेत्र में खुले पड़े सीवर, टूटी सड़कें और खराब सफाई व्यवस्था के कारण लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक समस्याओं का समाधान नहीं किया गया है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार गलियों और रास्तों में खुले पड़े सीवर बच्चों और बुजुर्गों के लिए बड़ा खतरा बन चुके हैं। लोगों ने बताया कि कई बार राह चलते लोग इन खुले सीवरों में गिरकर घायल हो चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटे बच्चे खेलते समय खुले सीवरों के पास पहुंच जाते हैं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका लगातार बनी रहती है।
खुले सीवरों और गंदगी के कारण क्षेत्र में बीमारियों का खतरा भी तेजी से बढ़ रहा है। बदबू और मच्छरों के प्रकोप से लोग बेहद परेशान हैं। नागरिकों का आरोप है कि नियमित सफाई नहीं होने से स्थिति लगातार खराब होती जा रही है और संक्रमण फैलने का डर बना हुआ है।
स्थानीय लोगों ने विधायक संजीव शर्मा और संबंधित विभागीय अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार और अधिकारियों की होगी। फिलहाल क्षेत्र में नाराजगी और विरोध का माहौल बना हुआ है।



