सिद्धार्थनगर में जिला मुख्यालय स्थित लोहिया कला भवन में शिक्षामित्र सम्मान समारोह एवं बढ़े हुए मानदेय को लेकर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से पहुंचे सैकड़ों शिक्षामित्रों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर योगी आदित्यनाथ द्वारा गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सुना।
समारोह में जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों तथा कई गणमान्य लोगों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम के दौरान सांकेतिक रूप से 10 शिक्षामित्रों को बढ़े हुए मानदेय का चेक वितरित किया गया। चेक प्राप्त करने वाले शिक्षामित्रों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी।
वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा करीब 1 लाख 40 हजार शिक्षामित्रों का मानदेय बढ़ाया गया है, जिससे शिक्षामित्रों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षामित्र लंबे समय से शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं और सरकार उनके हितों की लगातार चिंता कर रही है।
मुख्यमंत्री के संबोधन में भी शिक्षामित्रों के योगदान की सराहना की गई। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षामित्रों की मेहनत और समर्पण सराहनीय है। सरकार भविष्य में भी उनके हितों को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाती रहेगी।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षामित्रों ने सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए खुशी जाहिर की और इसे अपने सम्मान से जुड़ा ऐतिहासिक निर्णय बताया।



