भरतपुर जिले के भुसावर क्षेत्र में अपराधियों के बढ़ते हौसले एक बार फिर सामने आए, जब सलेमपुर खुर्द मार्ग पर एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाते हुए दो अज्ञात बाइक सवार बदमाश उनकी सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सलेमपुर खुर्द निवासी चंद्रकला पत्नी गुलाब घर से गांव की ओर जा रही थीं। जैसे ही वह पुलिया के पास पहुंचीं, गांव की तरफ से तेज रफ्तार में आए बाइक सवार दो युवक उनके पास रुके और बातचीत में उलझाने लगे। महिला के कुछ समझने से पहले ही एक युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन और पैंडल तोड़ लिए और दोनों तुरंत मौके से बाइक पर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित महिला से पूरी जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना के बाद आसपास के प्रमुख रास्तों पर नाकाबंदी कर दी गई, ताकि बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द पकड़ा जा सके।
पुलिस ने बताया कि गांव और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उम्मीद है कि फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। क्षेत्रवासियों ने इस तरह की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि अपराधियों को जल्द पकड़कर कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।



