ग्रेटर नोएडा। थाना सूरजपुर क्षेत्र में हत्या के मामले में वांछित अभियुक्त और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हत्या का आरोपी मंगेश उर्फ टिल्लू घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में कॉम्बिंग अभियान चला रही है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 05/06 मई 2026 की रात ग्राम साकीपुर में घर के सामने नाली के कचरे को जलाने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि मंगेश उर्फ टिल्लू पुत्र कालू राम ने साजन पुत्र स्वर्गीय रितेष, उम्र करीब 25 वर्ष की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद मृतक के परिजनों की तहरीर पर थाना सूरजपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। इसी दौरान थाना सूरजपुर पुलिस मोजरबीयर गोल चक्कर के पास चेकिंग कर रही थी। तभी सामने से आ रही एक संदिग्ध i-20 कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर कार सवार आरोपी भागने लगे और रेलवे लाइन के किनारे कच्चे रास्ते की ओर मुड़ गए।
पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मंगेश उर्फ टिल्लू घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और i-20 कार बरामद की है।
घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। मामले को लेकर डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह ने भी जानकारी साझा की है।



