टूटी सड़क, नाली निर्माण, जल निकासी और सफाई व्यवस्था की मांग को लेकर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने खतौली तहसील में किया धरना प्रदर्शन
मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन राजनीतिक के कार्यकर्ताओं ने दीपक चौधरी के नेतृत्व में खतौली तहसील परिसर में विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान किसानों और ग्रामीणों ने अपनी मुख्य मांगों को लेकर एसडीएम खतौली को ज्ञापन सौंपा। लंबे समय से क्षेत्र में सड़क, नाली और जल निकासी की समस्याओं से परेशान ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की।
धरने में शामिल कार्यकर्ताओं ने बताया कि ग्राम भूड़ जाने वाले रास्ते की हालत बेहद खराब है। तिलकराम इंटर कॉलेज से रजवाहा भूड़ तक सड़क टूटी-फूटी और गंदगी से भरी हुई है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी रास्ते पर श्मशान घाट और कब्रिस्तान भी स्थित हैं, जहां अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को काफी दिक्कत उठानी पड़ती है।
इसके अलावा ग्राम कैलाशनगर समोली में नाली निर्माण और सफाई की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई। ग्रामीणों का कहना है कि राजेन्द्र के मकान से सोमप्रकाश के मकान तक लगभग 25 मीटर क्षेत्र में नाली टूटी हुई है और गंदगी फैली हुई है, जिससे जलभराव की समस्या बनी रहती है।
किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि सरकारी उपेक्षा के कारण नाले और नालियां बंद पड़ी हैं, जिससे खेतों में पानी भर जाता है और फसलें खराब हो रही हैं। इन समस्याओं को लेकर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में धरना दिया।
धरना प्रदर्शन के बाद एसडीएम खतौली ने समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। प्रशासन की ओर से सकारात्मक कार्रवाई के भरोसे के बाद कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया



