उत्तर प्रदेश के Hapur जनपद के गढ़मुक्तेश्वर तहसील स्थित Brijghat में ज्येष्ठ गंगा दशहरा 2026 को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मेरठ मंडल के पुलिस महानिरीक्षक कला निधि नैथानी ने बृजघाट पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
गढ़मुक्तेश्वर गेस्ट हाउस पर पुलिस बल द्वारा उन्हें सलामी दी गई। इसके बाद पुलिस महानिरीक्षक कला निधि नैथानी ने पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह के साथ बृजघाट क्षेत्र का भ्रमण किया और गंगा दशहरा मेले की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान बैरिकैटिंग, स्नान घाट, सीसीटीवी कैमरे, पुलिस ड्यूटी प्वाइंट और नाव द्वारा घाटों का गहन निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
पुलिस महानिरीक्षक कला निधि नैथानी ने कहा कि गंगा दशहरा के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए।
गंगा घाटों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं से सुरक्षा नियमों का पालन करने और सहयोग बनाए रखने की अपील की गई है।
बृजघाट में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन की सक्रियता चर्चा का विषय बनी हुई है।



