गाजियाबाद के कुड़ी खेड़ा स्थित शिवा फिल्म सिटी (साइट-5) में एक गंभीर विवाद सामने आया है, जहां बिजली विभाग के अधिकारियों पर एक एयरफोर्स से रिटायर्ड फौजी के परिवार को कथित रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगे हैं। घटना 22 अप्रैल 2026 की बताई जा रही है।
परिवार के अनुसार, बिजली विभाग की एक टीम अचानक घर पर पहुंची, जिसमें जेई हरिराम यादव, एसडीओ से जुड़े अधिकारी अमित भाटी, लाइनमैन कुलदीप समेत अन्य लोग शामिल थे। आरोप है कि टीम ने बिना स्पष्ट कारण के बिजली मीटर की बार-बार फोटो ली और परिवार पर दबाव बनाना शुरू कर दिया।
घटना के समय घर में केवल महिला और उसके दो छोटे बच्चे मौजूद थे। आरोप है कि अधिकारियों ने गेट खुलवाने के लिए दबाव बनाया और बच्चे को धमकाते हुए कहा कि उसकी मां को तुरंत बुलाया जाए, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डरे हुए बच्चे ने अपनी मां को बुलाया, जिसके बाद महिला ने अधिकारियों से अनुरोध किया कि वे उनके पति से फोन पर बात कर लें या उनके आने तक इंतजार करें।
हालांकि, परिवार का आरोप है कि अधिकारियों ने उनकी बात नहीं सुनी और लगातार दबाव बनाते रहे। परिजनों का कहना है कि संबंधित व्यक्ति एयरफोर्स से रिटायर्ड हैं और उन्हें सेवा के दौरान सम्मान भी मिल चुका है, ऐसे में इस प्रकार का व्यवहार बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
घटना के बाद क्षेत्र में रोष फैल गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब सबकी नजर प्रशासनिक कदम पर टिकी है।



