गाज़ियाबाद — थाना विजयनगर पुलिस और SWAT टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कार लूटकर हत्या करने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला 20 नवंबर 2025 का है, जब दिल्ली–मेरठ एक्सप्रेस-वे पर एक स्विफ्ट डिज़ायर कार (HR38AF0602) में चालक हरीराम पौदार मृत अवस्था में पाया गया था। पुलिस द्वारा तत्काल पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई तथा परिजनों को सूचित किया गया।
1 दिसंबर को मृतक के पुत्र संजय कुमार ने थाना विजयनगर में तहरीर दी कि दो अज्ञात लोगों ने उनके पिता की गाड़ी बुक की और कार छीनने के इरादे से उनकी हत्या कर दी। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कई टीमों का गठन किया गया।
पुलिस द्वारा CCTV फुटेज, मुखबिर सूचना और सर्विलांस की मदद से दोनों आरोपियों —
1. गोविंद पुत्र जगदीश, निवासी नराऊ, बदायूं (वर्तमान पता: सैक्टर-3 बवाना, दिल्ली)
2. शिवन उर्फ छोटू पुत्र सतेश, निवासी नराऊ, बदायूं (वर्तमान पता: बरौला सैक्टर-49, गौतम बुद्ध नगर)
को आज 02 दिसंबर 2025 को IPEM कॉलेज के सामने से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में गोविंद ने खुलासा किया कि वह दिल्ली में किराए पर रहता था और उसने अपने साथी छोटू के साथ मिलकर एक 11 वर्षीय बच्चे के अपहरण की योजना बनाई थी। उन्होंने अपहरण के लिए वाहन की जरूरत के कारण 3,200 रुपये में हरीराम पौदार की टैक्सी बुक की।
अलीगढ़ की तरफ जाते समय चालक ने विरोध किया, जिस पर दोनों ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी और कार लेकर फरार हो गए। पहचान छुपाने के लिए मृतक का मोबाइल, RC, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य दस्तावेज भी ले गए।
बरामदगी में शामिल:
— मृतक का मोबाइल फोन
— गाड़ी की RC
— DL, आधार, पैन और वोटर कार्ड
— घटना में प्रयुक्त रस्सी
— मृतक का अंगोछा
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी बेहद शातिर और संगठित अपराध की योजना बना रहे थे। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।



