अलीगढ़ के थाना सासनी गेट क्षेत्र से शादी के नाम पर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीली कोठी, जयगंज निवासी रिजु सक्सेना ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि उसकी शादी 5 अक्टूबर 2025 को गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर निवासी सोनी वर्मा से हुई थी।
पीड़ित के अनुसार शादी के कुछ दिन बाद ही महिला अपने कुछ परिचितों के साथ घर से चली गई और फिर वापस नहीं लौटी। रिजु सक्सेना का कहना है कि उसने कई बार स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इतना ही नहीं, पीड़ित ने आरोप लगाया कि एक दरोगा द्वारा उसे ही धमकाया गया।
प्रार्थना पत्र में पीड़ित ने यह भी दावा किया है कि संबंधित महिला के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके मुताबिक, वर्ष 2025 में थाना सिविल लाइन और थाना क्वार्सी में मामले दर्ज हुए थे, जबकि 2024 में थाना सासनी गेट में भी एक केस दर्ज हुआ था। इसके अलावा गाजियाबाद और राजस्थान में भी विवाद के मामले सामने आए हैं।
पीड़ित ने आशंका जताई है कि यह एक संगठित गिरोह हो सकता है, जो शादी के नाम पर लोगों को फंसाकर आर्थिक ठगी करता है। उसने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।



