दिनांक: 21 दिसंबर 2025
स्थान: के. एम. रेजिडेंसी, राजनगर एक्सटेंशन, गाज़ियाबाद (उ.प्र.)
गाज़ियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित के. एम. रेजिडेंसी में रहने वाले सैकड़ों निवासियों ने रविवार को डेवलपर श्री हरेंद्र खोखर एवं उनकी कंपनी m/s SRB Promoters Pvt. Ltd. के विरुद्ध शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। निवासियों का आरोप है कि बिल्डर द्वारा वर्षों से किए गए वादे आज तक पूरे नहीं किए गए हैं, जिससे उन्हें गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
निवासियों के अनुसार, फ्लैट की पूरी राशि चुकाने के बावजूद सोसायटी में मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव है। न तो सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) की व्यवस्था है, न ही पावर बैकअप, समुचित पार्किंग और स्विमिंग पूल उपलब्ध कराया गया है। लिफ्टों की स्थिति भी जर्जर है और उनके पास वैध एनओसी नहीं है। फायर सेफ्टी एनओसी भी आज तक प्राप्त नहीं की गई, जो निवासियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
आरोप है कि मेंटेनेंस और क्लब बुकिंग के नाम पर ली गई राशि का दुरुपयोग किया गया, जबकि इसका कोई लेखा-जोखा निवासियों को नहीं सौंपा गया। स्थिति तब और गंभीर हो गई जब 1 दिसंबर 2025 से बिल्डर ने सुरक्षा और हाउसकीपिंग सेवाएँ हटा लीं, जिससे सोसायटी में असुरक्षा और गंदगी फैल गई।
इससे पहले 16 दिसंबर को निवासियों ने जिलाधिकारी गाज़ियाबाद और GDA अधिकारियों से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई थी। साथ ही नंदग्राम थाने में भी शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
विरोध के दौरान निवासियों ने पोस्टर लगाकर प्रदर्शन किया, बैठक आयोजित कर भविष्य की रणनीति पर चर्चा की और सामूहिक रूप से सफाई अभियान चलाकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।



